देहरादून,
उत्तराखंड में पारंपरिक हरेला पर्व को हर्षोल्लास और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा नेहरूग्राम और रानीपोखरी क्षेत्र में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत समिति के सदस्यों ने कई प्रकार की वनस्पतियों और फलदार पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर समिति ने सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित न रहकर, इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। अध्यक्ष रोशन राणा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के सक्रिय सदस्य बालकिशन शर्मा, संजीव गुप्ता, डॉ. नितिन अग्रवाल, राहुल माटा और डॉ. वीरेंद्र मेहरा ने भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हरेला सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने और भावी पीढ़ियों के लिए हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करने का अवसर है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसकी देखरेख करे।
समिति के इस पर्यावरणीय पहल की स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी सराहना की। वृक्षारोपण के इस पावन अवसर पर समिति ने भविष्य में और भी व्यापक स्तर पर हरियाली अभियान चलाने की योजना जताई।