3.70 करोड़ की ज्वेलरी लूट और एक राजनीतिक हत्या में था वांछित, कलियर में बदलकर रह रहा था नाम
देहरादून/हरिद्वार, 13 जुलाई 2025:
उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बार फिर अपनी सटीक मैनुअल पुलिसिंग और सतर्कता से एक बड़े अपराधी को दबोच लिया है। बिहार के कुख्यात सुबोध गैंग से जुड़ा शातिर लुटेरा मो. राहुल उर्फ मो. शाकीब, जो 3.70 करोड़ की ज्वेलरी लूट और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता की हत्या में वांछित था, को हरिद्वार के कलियर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “विशेष अभियान” के तहत यह सफलता हाथ लगी है। गिरफ्तारी बिहार एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि वांछित अभियुक्त मो. राहुल उर्फ शाकीब हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बदले हुए नाम से रह रहा है।
लूट का बड़ा मामला और कड़ी निगरानी
बिहार के जनपद पूर्णिया स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में 26 जुलाई 2024 को हुई 3.70 करोड़ रुपये की लूट की घटना में यह अभियुक्त मुख्य भूमिका में था। इस कांड में शामिल 6 में से एक अभियुक्त चुनमुन झा पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है, जबकि चार अन्य जेल में हैं। राहुल घटना के बाद से फरार चल रहा था।
राजनीतिक हत्या में भी शामिल
एसटीएफ के अनुसार, मो. राहुल उर्फ शाकीब ने 2021 में अपने साथी चुनमुन झा के साथ मिलकर लोक जनशक्ति पार्टी के नेता की हत्या भी की थी। इस मामले में वह भादवि की धाराओं 120बी, 302, 34 और 364ए के तहत दो वर्ष की सजा भी काट चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
-
नाम: मो. राहुल उर्फ मो. शाकीब
-
पिता: अब्दुल रफीक
-
निवासी: मौलवीबाड़ी, अंडाचौक, थाना मधुबनी, जनपद पूर्णिया, बिहार
-
वर्तमान ठिकाना: नाम बदलकर कलियर, जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड)
एसटीएफ की सधी कार्रवाई से बड़ी कामयाबी
एसटीएफ की टीम ने बिना शोर-शराबे के बारीकी से निगरानी रखकर अभियुक्त को कलियर क्षेत्र से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत बिहार पुलिस को सुपुर्द किया जाएगा।