उपनल कर्मचारियों का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सरकारी आवास पर प्रदर्शन

उपनल कर्मियों का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा बर्दाश्तः विनोद गोदियाल
देहरादून ,

उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, उत्तराखण्ड लगातार अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलनरत है लेकिन उनके हितों पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है जिसके विरोध में उपनल कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सरकारी आवास पर प्रदर्शन किया। यहां मोर्चा के संयोजक विनोद गोदियाल के नेतृत्व में उपनल कर्मचारी अपनी आठ सूत्रीय ममांगों के समाधान के लिए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के सरकारी आवास के पास इकटठा हुए और वहां से मांगों के समाधान के लिए उनके आवास पर प्रदर्शन किया और बाद में सभी वहीं आवास के बाहर धरने पर बैठ गये। इस दौरान उनकी नारेबाजी जारी रही। इस अवसर पर गोदियाल ने कहा है कि लगातार उपनल कर्मियों का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सात सूत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय से आंदोलनरत है लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले सात आठ माहों से मानदेय नहीं मिल पा रहा है जो चिंता का विषय है। उनका कहना है कि विगत कई को से अपनी न्यायपूर्ण मांगों हेतु संघ कर रहे प्रदेश के समस्त उपनल कर्मचारी अपने पूर्ण निष्ठा एवं भाव के साथ अपने-अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाते हुए सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान आज तक नहीं किया गया है जिससे उनमें व्यापक स्तर पर रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में दायर की गई एसएलपी को वापस लिया जाये एवं उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा निर्गत आदेश को लागू किया जाये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शासनादेश की तिथि 18 जुलाई 2023 एवं शासनादेश संख्या 922 और 11 अगस्त 2023 जारी किये गये हैं, जो कि उपनल कर्मचारियों के हित में नहीं है जिसका उपनल कर्मचारी विरोध करता है। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारियों को विभिन्न विभागों से उनकी सेवाये समाप्त की जा रही हैं तथा पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मचारियों को विगत सात एवं आठ माह से सेवा विस्तार नहीं हुआ है, जिससे उनकी जीविका हेतु मानदेय प्राप्त न होने पर भी उनके द्वारा अपने पूर्ण मनोबल से अपने दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 11 माह का अनुबन्ध समाप्त किया जाये। उन्होंने कहा कि लगातार अपनी मांगों के समाधान के लिए संघर्ष करते हुए आ रहे है लेकिन आज तक उनका समाधान नहीं हो पाया है जिससे कर्मचारी अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहे है और आने वाले समय से आंदोलन को और तेज किया जायेगा। इस अवसर पर धरना प्रदर्शन में अनेकों उपनल कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *