सरकारी कार्य में बाधा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चार किन्नरों पर मुकदमा दर्ज

देहरादून/ राजपुर ,
कल रात्रि मसूरी डायवर्सन पर नियमित चेकिंग के दौरान राजपुर थाना क्षेत्र की पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि वाहन संख्या UK07 AW 5775 द्वारा सड़क पर खड़े कई वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया है। उक्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोका, तो उसमें सवार चार किन्नरों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्तियों द्वारा नग्न होकर मुख्य मार्ग पर वाहनों को रोकने, राहगीरों से अभद्रता करने और यातायात व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास किया गया। समझाने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी दुर्व्यवहार किया और पिकेट पर लगे बैरियर को बीच सड़क पर गिरा दिया, जिससे मार्ग पर यातायात काफी समय तक प्रभावित रहा।

बाद में, सभी आरोपी थाना राजपुर पहुँचे और वहाँ भी हंगामा करते हुए परिसर में खड़े सरकारी वाहनों और सामग्री को नुकसान पहुँचाया। पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए आरोपी अलीना खान, सना खान, खुशी और एलेक्सा (सभी निवासी कारगी चौक, पटेलनगर) के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही, उक्त वाहन को सीज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *