मामले में स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों द्वारा जारी किया प्रेस नोट उल्टा चोर कोतवाल को डांटेः गरिमा
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा है कि केदारनाथ विधानसभा में गतिमान उपचुनाव के दौरान देर रात चोपता के बाजार मे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की गाड़ी में पकड़ी गई शराब को लेकर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों के द्वारा जारी किया गया प्रेस नोट उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। यहां दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस के द्वारा लगातार राज्य के मुख्य निर्वाचन आयोग को सत्ता के दुरुपयोग पर शिकायती पत्र भेजे जा रहे हैं, लेकिन कोई उचित कार्रवाई न होने की वजह से ऐसा हुआ है। इस अवसर पर दसौनी ने कहा कि जिस गाड़ी को शराब ले जाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पकड़ा उस पर साफ तौर से भाजपा कार्यसमिति लिखा हुआ है। उन्होंने कहा कि और चूंकि केदारनाथ चुनाव अपने अंतिम पड़ाव पर है, इस पकड़ी गई शराब और व्यापक स्तर पर हो रही भाजपा की किरकिरी पर भारतीय जनता पार्टी बौखलाहट में पुलिस प्रशासन और जनता को बरगलाने और झूठ परोसने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्षम किम प्रमाणम और प्रत्यक्ष को प्रमाण की कोई जरूरत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने रात को ही सोशल मीडिया पर लाइव के माध्यम से जनता के सामने सारा सच रख दिया है जिसमें कहीं शक की कोई गुंजाइश नहीं बचती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वह पदाधिकारी जो विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रहे हैं और वह बताएं कि उन्होंने तुरंत वीडियो क्यों नहीं बनाया और शिकायत क्यों नहीं की, उन्होंने कहा कि एक ओर जहां शराब पकड़ी गई और वहां पर कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी मनोज रावत, प्रताप नगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जयेंद्र रमोला, संतोष रावत आदि स्वयं मौजूद थे। उन्होंने कहा कि उस समय भाजपा नेता कहां थे। दसौनी ने कहा कि जब रायता फैल गया तब भाजपाइयों को झूठ का सहारा लेना पड़ रहा है। गरिमा ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश पर जहां एक तरफ स्थानीय लोगों की गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है, दूसरी तरफ विधानसभा क्षेत्र में किसी भी सरकारी अधिकारी की तरफ से भाजपा नेताओं और हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली रजिस्ट्रेशन के वाहनों की तलाशी नहीं ली जा रही है।