क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद को दी अंतिम सलामी
ऋषिकेश ,
जम्मू के कठुआ में शहीद हुए भानियावाला के जवान विनोद सिंह का अंतिम सस्कार गंगा तट स्थित पूर्णानंद घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया गया। राज्य सरकार की ओर से क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद को अंतिम सलामी देकर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने वीर सपूत के बलिदान को याद कर डॉ अग्रवाल भावुक नजर आए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत पीड़ा का क्षण है क्योंकि हमने भाई और बेटा भी खोया है। उन्होंने कहा कि हमारे रणबाँकुरों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सैन्य परंपरा का पालन करते हुए माँ भारती के चरणों में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि माँ भारती की रक्षा करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध हमारे वीर जवानों का यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनका कहना है कि इस कायरतापूर्ण हमले के दोषी, मानवता के दुश्मन आतंकवादी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएँगे और इनको पनाह देने वाले लोगों को भी इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्हांने कहा कि सैन्यभूमि उत्तराखण्ड वीर सैनिकों को जन्म देने वाली भूमि है। उन्होंने कहा कि यहां के जवानों ने सदैव माँ भारती की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देकर अपने राष्ट्रधर्म का निर्वहन किया है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमारे शहीद जवानों का नाम भारत हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण राज्य को अपने बेटों व भाइयों पर गर्व हैं।