हरभजन सिंह चीमा ने भाजपा की संस्कृति और चाल चरित्र चेहरे को किया उजागरः गरिमा
देहरादून ,
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के महिला अपराध को लेकर दिए गए बयान पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने भाजपा के पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा एवं भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोला है और दसौनी ने कहा कि हरभजन सिंह चीमा ने भाजपा की संस्कृति, चाल चरित्र चेहरे को उजागर कर दिया है। दसौनी ने भाजपा पूर्व विधायक को घेरते हुए कहा कि आज प्रदेश में हो रहे महिला अपराधों में अधिकतर दुष्कर्म नाबालिगों के साथ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में हरभजन सिंह चीमा और भाजपा बताएं की नाबालिग बच्चियों को आखिर क्या पहनाया जाए जो उन मासूमों के साथ इस तरह का कृत्य ना हो और दसौनी ने कहा कि हरभजन सिंह चीमा बताएं की क्या गारंटी है की ऊपर से नीचे तक ढकी हुई महिला के साथ कोई दुष्कर्म नहीं होगा। इस अवसर पर दसौनी ने कहा की बजाय इसके कि हरभजन सिंह चीमा प्रदेश में लगातार बड़ी संख्या में हो रहे जघन्य अपराधों के लिए पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते,या प्रदेश और देश के युवाओं को नैतिकता का पाठ पढ़ाते उन्हें यह समझाते की महिलाएं केवल उपभोग की वस्तु न होकर मां बहन और बेटियां होती हैं। इस अवसर पर गरिमा ने कहा कि अपनी सरकार को उसकी नाकामी पर घेरने के बजाय सारा ठींकरा महिलाओं के पहनावे पर फोड़ दिया गया है जो कि बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह चीमा को सार्वजनिक रूप से देश की तमाम मातृशक्ति से इस तरह का घिनौना और निकृष्ट बयान देने के लिए माफी मांगनी चाहिए और भारतीय जनता पार्टी को भी हरभजन सिंह चीमा के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
