टिहरी ,
टिहरी में सड़क पर पैदल चल रही एक महिला और उसकी दो भतीजियों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में महिला और उसकी दोनों भतीजियों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बेटी कार की चपेट में आने से बच गई। गुस्साई भीड़ ने कार चला रहे सहायक खंड विकास अधिकारी को मौके पर जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर साथ ले गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर भी दौड़ गई है। इस दर्दनाक सड़क हादसे की वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें आसानी से देखा जा रहा है कि सहायक खंड विकास अधिकारी लापरवाही और नशे में धुत्त होकर कर चला रहे थे। मेडिकल रिपोर्ट में सहायक खंड विकास अधिकारी के नशे में होने की पुष्टि हुई है। आरोपी का नाम देवी प्रसाद चमोली है। मरने वालों की पहचान 40 वर्षीय रीना देवी, 10 वर्षीय अग्रिम नेगी और 7 वर्षीय अन्विता नेगी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अपनी अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।