देहरादून ,
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बयान जारी करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को अपने गिरेबान में झांकने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर उपचुनाव में महेंद्र भट्ट बार-बार अपने बयानों के द्वारा उत्तराखंड कांग्रेस पर यह आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी ने बागेश्वर उप चुनाव में जो प्रत्याशी उतारा है वह आम आदमी पार्टी से आयात किया गया है और कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की है, इस पर दसौनी ने कड़ा पलट वार किया है। इस अवसर पर दसौनी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बताएं कि आज छह सालों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में विद्यमान है और मंत्रिमंडल में आधा दर्जन से अधिक मंत्री पद पर आसीन लोग कांग्रेस से आयात किए हुए तो क्या इसका मतलब यह निकाला जाए की भारतीय जनता पार्टी के पास काबिल विधायकों का टोटा है या अपने विधायकों पर से उसका विश्वास उठ चुका है। इस अवसर पर दसौनी ने कहा कि सतपाल महाराज, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा और कुछ और कांग्रेस के लोग जो 2017 से 2022 के बीच कैबिनेट में शोभायमान थे और तो और वर्तमान में भाजपा के 47 में से 15 से अधिक विधायक कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं के उस पर महेंद्र भट्ट को क्या कहना है। दसौनी ने कहा की चंदन राम दास को भी भाजपा ने कांग्रेस से ही आयात किया था शायद महेंद्र भट्ट भूल रहे हैं।