देहरादून ,
शहीद स्मारक देहरादून में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सयुंक्त मंच के तत्वावधान में राज्य आंदोलनकारियों को राजकीय सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण बहाल करने व चिह्नीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग को शव यात्रा निकाली। इस अवसर पर शवयात्रा के दाह संस्कार के पश्चात आयोजित सभा में वरिष्ठ आंदोलनकारी मुन्नी खंडूरी व निर्मला शर्मा ने संयुक्त रूप से राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह बेवजह का विलम्ब न करते हुए तुरन्त विधान सभा का विशेष सत्र आहूत करे और 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण विधेयक को राज्यपाल की संस्तुति के लिए भेजा जाये। उन्होंने कहा कि जब सभी नौकरियों के नोटिफिकेशन हो जायेंगे और उसके बाद इस एक्ट का क्या फायदा होगा। इस अवसर पर संयुक्त मंच के संयोजक क्रांति कुकरेती ने कहा कि सरकार की मंशा साफ नहीं है और वह केवल आंदोलनकारियों को बरगलाने में लगी है। उन्होंने कहा कि पहले मार्च 2023 में अपने सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना विभाग द्वारा जारी उपलब्धियों के पहले नम्बर पर ही आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कई बार इस बात को दोहराया गया। उन्होंने कहा कि लगातार आंदोलनकारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है और जिसे किसी भी दशा मंे सहन नहीं किया जायेगा। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर अनेकों आंदोलनकारी शामिल रहे।