भाजपा के शासन में महिलायें सुरक्षित नहींः गोगी
देहरादून ,
हिन्दू जागरण मंच युवा वाहिनी के वर्तमान जिला अध्यक्ष व बजरंग दल के पूर्व नगर अध्यक्ष नवीन रौतेला द्वारा नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच भाजपा की राज्य सरकार का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन में इकटठा हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए महानगर अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर पाल सिंह गोगी के नेतृत्व में एस्ले हॉल चैक पर जोरदार नारेबाजी के बीच विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि भाजपा के शासन में महिलायें सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक भाजपा के नेताओं के महिला विरोधी कारनामे सामने आ रहे हैं। इतना समय बीतने के बाद भी अभी तक अंकिता हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम तक सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जाहिर है भाजपा सरकार के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि न राज्य की कानून व्यवस्था काम कर रही है न लोक कल्याण के कार्यों पर सरकार का ध्यान है। उन्होंने कहा कि लूट, डकैती, जमीनों के फर्जीवाड़े आदि की घटनाएं आये दिन हो रही हैं। भाजपा सरकार महिलाओं को लेकर हर स्तर पर असंवेदनशील है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में देश का गर्व महिला पहलवानों के साथ दुव्र्यवहार का मामला अकारण नहीं है बल्कि ये सरकार सत्ता के मद में चूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तथाकथित डबल इंजन की सरकार का सबसे ज्यादा खामियाजा महिलाओं को ही भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भयंकर महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है दूसरी तरफ महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में महिलाएं भाजपा को सबक सिखाएंगी। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर पुतला फूंकने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, प्रदेश महासचिव मनीष कुमार नागपाल, सत्य पोखरियाल, प्रदेश प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, पूनम कंडारी, सावित्री थापा, मंजू चैहान, अभिषेक तिवारी, ट्विंकल अरोड़ा, फारूक राव, जगदीश धीमान, भवन डोरा, रामबाबू, सुभाष धीमान, शहजाद अंसारी, आदर्श, अवधेश, तौफीक खान, मुकीम अहमद, विकास ठाकुर, शाहिद अहमद, चुन्नीलाल, वीरेंद्र पंवार, शकील मंसूरी, मनीष गर्ग आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।