लचर कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों का गांधी पार्क में धरना
देहरादून ,
दून में छह दिन पूर्व रिलायंस ज्वैलरी शोरूम में हुई बीस करोड़ की डकैती को राज्य सरकार की विफलता और लचर कानून व्यवस्था का परिणाम बताते हुए महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर धरना दिया। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि राज्य की राजधानी में, और राजधानी के केंद्रीय क्षेत्र में जहां महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान स्थित हैं, तथा राज्य की स्थापना दिवस के दिन और जिस दिन देश की राष्ट्रपति भी शहर में थीं, ऐसी डकैती की घटना स्पष्ट संकेत है कि भाजपा सरकार कर राज में न कानून व्यवस्था ठीक है न शासन-प्रशासन। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि राज्य में इन्वेस्टर समिट कराने जा रहे हैं, क्या डकैती की ऐसी घटना से वो निवेशकों को संदेश दे रहे हैं और छह दिन बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ना तो दूर, उनके बारे में कुछ पता तक नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि विगत महीनों में पहले तो देहरादून शहर नें डेंगू की विकराल समस्या झेली। उन्होंने कहा कि इससे कई लोगों की असामयिक मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि उसके बाद रजिस्ट्री घोटाले सामने आए और अब इतनी बड़ी डकैती का मामला, तो ऐसे में सरकारी तन्त्र की प्रभावी मौजूदगी कहीं नहीं दिखती और लोगों को उनके हाल पे छोड़ दिया गया है। इस अवसर पर धरने में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत प्रदेश, महामंत्री मनीष नागपाल, उर्मिला थापा महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस, महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी, राजेश उनियाल, विकास पुंडीर, लकी राणा, सावित्री थापा, पूनम कंडारी, आलोक मेहता आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
