देहरादून ,
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर की ओर से आ रहा यूरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों और कार चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा सुरक्षित बचा लिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। ट्रक के नीचे बुरी तरह पिचकी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर की मदद से वाहन का हिस्सा काटना पड़ा। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बचाव दल ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के दौरान छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, बाद में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
मृतकों की पहचान 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय बेटे मिश्रेष कपूर, 38 वर्षीय बहू निशा आनंद कपूर और कार चालक नीरज के रूप में हुई है। हादसे में परिवार का छह वर्षीय बेटा माहेर कपूर सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और देहरादून में भी उसका घर है। इस हादसे में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटने से राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात प्रबंधन में भी दिक्कतें आईं। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई जारी थी।
मृतक और सुरक्षित बचाया गया बच्चा
- मिश्रेष कपूर, 38 वर्ष
- निशा आनंद कपूर, 38 वर्ष (पत्नी)
- किरण कपूर, 63 वर्ष (मां)
- नीरज (कार चालक)
सुरक्षित बचाया गया: माहेर कपूर, छह वर्ष (पुत्र)
