दलेर मेहंदी विवाद पर बोले CM धामी—‘मंत्री की मंशा अपमान करने की नहीं थी, दलेर और मीका सिंह से करूंगा बात’ – uttarakhandawaaz.in

दलेर मेहंदी विवाद पर बोले CM धामी—‘मंत्री की मंशा अपमान करने की नहीं थी, दलेर और मीका सिंह से करूंगा बात’

रेखा आर्य प्रकरण पर बोले मुख्यमंत्री—केवल ऑडियो में नाम आने से कोई दोषी नहीं होता, जांच से साफ होगी सच्चाई

देहरादून ,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद, मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू से जुड़े मामले तथा कांग्रेस के वायरल ऑडियो सहित कई चर्चित मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुबोध उनियाल अपनी मंशा स्पष्ट कर चुके हैं। उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था। उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत की जानकारी नहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह से उनकी मित्रता है और वह दोनों से बात करेंगे।

दलेर मेहंदी विवाद समाप्त होना चाहिए: धामी

मुख्यमंत्री ने कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल की टिप्पणी और उसके बाद पैदा हुए विवाद पर कहा कि मंत्री स्वयं सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। संभव है कि उस समय परिस्थितियां ऐसी रही हों और उन्हें गायक के स्वास्थ्य की जानकारी न रही हो।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड कलाकारों, विद्वानों और साहित्यकारों की धरती है। यहां सभी का सम्मान किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस विवाद को अब समाप्त कर दिया जाना चाहिए।

रेखा आर्य प्रकरण पर जांच का इंतजार

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति से जुड़े विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल किसी ऑडियो में नाम आने से कोई व्यक्ति दोषी साबित नहीं हो जाता। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी को राजनीतिक लाभ के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह सवाल भी उठाया कि यदि आरोप इतने गंभीर थे तो उन्हें पहले क्यों नहीं उठाया गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

कांग्रेस के खिलाफ 30 नवंबर तक चलेगा भाजपा का अभियान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर चुनावी हार स्वीकार नहीं करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा प्रदेशभर में 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी।

अभियान दो चरणों में आयोजित होगा। पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक और दूसरा चरण 11 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में पदयात्राएं और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को बताया अनुचित

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा, अराजकता या संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव जीतने पर लोकतंत्र की जीत का दावा करने और हारने पर चुनाव आयोग सहित अन्य संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

धामी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद विकास, सुशासन और राजनीतिक स्थिरता को नई गति मिली। उनके अनुसार, भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं और वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय नकारात्मक राजनीति कर रही है।

युवाओं को टकराव नहीं, राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की जरूरत

कांग्रेस नेताओं के भाइयों से जुड़े वायरल ऑडियो पर मुख्यमंत्री ने इसे संवेदनशील मामला बताया और कहा कि भाजपा इसकी जांच कर रही है। उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।

धामी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक शक्तियां अपने हितों के लिए युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बदलाव का रास्ता हिंसा और अराजकता नहीं, बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से होकर गुजरता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड सहित देश की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए धामी ने कहा कि कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि अपने लंबे शासनकाल में उसने प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा के पीछे जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप दिखाई नहीं देता।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज और मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *