मुख्यमंत्री धामी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की मुलाकात, उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग संभावनाओं पर हुई चर्चा – uttarakhandawaaz.in

मुख्यमंत्री धामी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की मुलाकात, उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग संभावनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक और सुविधाजनक केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि अधिक से अधिक निर्माता प्रदेश में शूटिंग के लिए आगे आएं।

स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। फिल्मों की शूटिंग बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर मिलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *