उत्तराखंड में ‘क्लोवर’ फिल्म की शूटिंग, बीटल्स बैंड पर आधारित है अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना – uttarakhandawaaz.in

उत्तराखंड में ‘क्लोवर’ फिल्म की शूटिंग, बीटल्स बैंड पर आधारित है अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की उत्तराखंड में शूटिंग किए जाने के संबंध में चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में की जानी प्रस्तावित है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एपल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना में ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने का प्रस्ताव है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि फिल्म परियोजना की शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं लगभग 150 भारतीय सदस्यों के अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों को रोजगार मिलेगा। पुरातत्व एवं ऐतिहासिक दृष्टि से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ओंग एंड रोज स्टूडियो’ द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ ही होटल, परिवहन एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत तथा विविध शूटिंग लोकेशनों के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशनों में शामिल हो चुका है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखंड में देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश का विश्वभर में योग एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी। साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंडर डेब्रायन, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह रावत तथा सुखराजसिंह लोकलाइज़ेशन मैनेजर एम्मा फिलिप्स शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *