उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को नई गति, 29 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां स्थापित: सीएम धामी – uttarakhandawaaz.in

उत्तराखंड में औद्योगिक विकास को नई गति, 29 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां स्थापित: सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा—उद्योग, व्यापार और निवेश राज्य की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार

हरिद्वार,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी होने के साथ उत्तराखंड के औद्योगिक विकास की भी एक प्रमुख कड़ी बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति में उद्यमियों, व्यापारियों और निवेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उद्योगों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं, नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा मिलता है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध हो।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकसित हो रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त राज्य बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से राज्य में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम सड़क परियोजना और बेहतर होती कनेक्टिविटी से लॉजिस्टिक्स सुविधाओं में भी सुधार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनके माध्यम से लगभग 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निवेश मित्र व्यवस्था की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

हरिद्वार में बनेगा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बनना चाहता है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार के कुम्भनगरी क्षेत्र में करीब 1,002 एकड़ भूमि में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।

छोटे शहरों और पर्वतीय क्षेत्रों में भी औद्योगिक विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जिलों में छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

छोटे उद्यमियों को आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी इसी प्रकार की सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्योगों को बड़े बाजार से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिल रही है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखंड को टॉप अचीवर्स श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने उद्योगों और निवेशकों से उत्तराखंड में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाते हुए निवेश और रोजगार सृजन में भागीदार बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम से पहले उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों से प्रशिक्षण एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अध्यक्ष शिवालिकनगर नगर पालिका राजेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, निवेशक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *