फन, मस्ती और हुनर से सजी शाम में छात्र-छात्राओं ने जमकर लिया आनंद
गायन, गिटार, मिमिकरी और शानदार प्रस्तुतियों से युवाओं ने दिखाया अपना हुनर
देहरादून ,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को युवाओं के उत्साह, उमंग, रचनात्मकता और प्रतिभा से भरपूर ‘कॉलेज के टशनबाज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 93.5 रेड एफएम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ऐसा रंग जमाया कि फन, मस्ती और हुनर का उत्साह देर शाम तक बना रहा। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर जमकर आनंद लिया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा, कला, अभिव्यक्ति और मनोरंजन के हुनर को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा। ‘कॉलेज के टशनबाज’ के माध्यम से छात्र-छात्राओं को खुले मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने, आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाने और साथी विद्यार्थियों के साथ खुशनुमा पल साझा करने का अवसर मिला।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान गायन, गिटार प्ले, मिमिकरी सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां पेश की गईं। युवाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मंच पर जैसे-जैसे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वैसे-वैसे पूरा ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में युवाओं की एनर्जी, टशन और टैलेंट ने माहौल को खास बना दिया। लोकप्रिय गीतों, गिटार की मधुर धुनों, मिमिकरी और अन्य मंचीय प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को पूरी तरह जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों ने भी कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
‘कॉलेज के टशनबाज’ युवाओं के लिए महज मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच देने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम भी बना। विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन पढ़ाई के व्यस्त माहौल से अलग उन्हें अपनी रुचियों और प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं।