देहरादून,
आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दून पुलिस ने पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद की सीमावर्ती चेकपोस्टों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मुख्य बाजार, सामरिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी गश्त बढ़ाई गई है। इन स्थानों पर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते के साथ आकस्मिक एवं सघन चेकिंग की जा रही है।
इसके अलावा पुलिस टीमों द्वारा होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों की भी जांच की जा रही है। वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
जनपद के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और चेकिंग जारी रखी जा रही है।