पीपलकोटी में THDC टनल में मलबा-पानी आने से हड़कंप, CM धामी ने युद्धस्तर पर राहत-बचाव के दिए निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा और पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और टनल की स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों को मौके पर लगाया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *