देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान, तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में रोजगार की नई संभावनाओं और देहरादून में यातायात जाम की समस्या के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।
पलायन और रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और स्वरोजगार योजना सहित पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।