एमडीडीए बोर्ड बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मंजूरी, देहरादून-मसूरी के नियोजित विकास को मिलेगी नई रफ्तार

देहरादून ,

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल मंडल के आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के नियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या को अनुमोदित किया गया और 114वीं बैठक की कार्यवाही शुरू हुई।

लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगा विस्तार

बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट के भू-उपयोग को निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी नियमानुसार आगे बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। इससे भविष्य में क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन, निवेश और रोजगार को बढ़ावा

बोर्ड बैठक में पर्यटन क्षेत्र से संबंधित कई प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाइयों, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट भवन निर्माण से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा के बाद नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।

नियोजित और संतुलित विकास पर जोर

बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमडीडीए का उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। सभी प्रस्तावों को तकनीकी और नियामकीय समीक्षा के बाद स्वीकृति दी गई ताकि विकास कार्य पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ सकें।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के दीर्घकालिक और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा प्राधिकरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ पूरी करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में वित्त, नगर निकाय, पेयजल, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष आनन्द स्वरूप ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *