देहरादून ,
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को Association of Breast Surgeons of India (ABSI) का निदेशक (शिक्षा), उत्तर क्षेत्र (कार्यकाल 2026–2028) निर्वाचित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय दायित्व स्तन कैंसर सर्जरी, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण माना जा रहा है।
इस पद पर रहते हुए डॉ. गर्ग उत्तर भारत में स्तन कैंसर उपचार से जुड़े शैक्षणिक कार्यक्रमों, चिकित्सकीय प्रशिक्षण, अकादमिक सहयोग तथा प्रमाण-आधारित उपचार पद्धतियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उनके नेतृत्व से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और शोध गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर श्रीमहंत देवेंद्र दास, चेयरमैन, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने डॉ. गर्ग को बधाई देते हुए उनके सफल एवं प्रभावी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल डॉ. गर्ग की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे एसजीआरआर परिवार के लिए गर्व का विषय है। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर संस्थान की प्रतिष्ठा और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में से एक है। उत्तराखंड में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच, शीघ्र निदान और उचित उपचार सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। डॉ. गर्ग की नई भूमिका से स्तन कैंसर जागरूकता अभियान, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और मरीजों की बेहतर देखभाल को नई दिशा मिलेगी।
डॉ. पंकज गर्ग ने इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे एसोसिएशन में अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे तथा शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के माध्यम से एसजीआरआर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल प्रबंधन, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने भी डॉ. पंकज गर्ग को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।