मुख्यमंत्री धामी ने की आईटीडीए की समीक्षा, 1905 शिकायतों के त्वरित निस्तारण और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए जनहित से जुड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर नागरिकों की संतुष्टि सुनिश्चित करने वाला होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन विभागों में शिकायतों का लंबित निस्तारण अधिक है, वहां विशेष अभियान चलाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ई-गवर्नेंस परियोजनाओं और विभिन्न ऑनलाइन नागरिक सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के लिए किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी सेवाओं का अधिकतम डिजिटलीकरण कर नागरिकों को सरल, त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही साइबर सुरक्षा को मजबूत करने और डिजिटल प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर अब तक बड़ी संख्या में शिकायतों का सफल निस्तारण किया जा चुका है। शेष लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार की गई है। बैठक में विभिन्न विभागों की डिजिटल परियोजनाओं, सेवा वितरण प्रणाली और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारों की भी समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का बेहतर उपयोग समय की आवश्यकता है तथा आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *