कांवड़ मेला 2026: पुलिस प्रशासन अलर्ट, तीन जनपदों के पुलिस बल को दिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष निर्देश

देहरादून/ऋषिकेश ,
आगामी 30 जुलाई से प्रारम्भ हो रहे कांवड़ मेला 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पौड़ी एवं टिहरी द्वारा कांवड़ मेले में तैनात पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।

अधिकारियों ने जनपद देहरादून, पौड़ी और टिहरी में ड्यूटी पर नियुक्त सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेले के दौरान पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट की संवेदनशीलता को समझते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं संयमित व्यवहार रखें तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। मेले में भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए वाहनों को केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए तथा पार्किंग स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार रहने, छोटी घटनाओं पर भी सतर्क नजर रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के लिए कहा गया है, ताकि मौके पर ही समस्या का समाधान किया जा सके।

नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात और भीड़ प्रबंधन लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। तीनों जनपदों की पुलिस को आपसी समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बरसात के मौसम को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को छाता या रेनकोट साथ रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान अनावश्यक विवादों से बचने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर बल दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थलों पर जाकर विस्तृत ब्रीफिंग देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *