राजकीय सम्मान के साथ दी गई एलआईयू निरीक्षक मनोज मनराल को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून ,

जनपद देहरादून में एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) में तैनात निरीक्षक मनोज मनराल को गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका बुधवार को हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया था।

अंतिम श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) अभिनव कुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत अधिकारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षक मनोज मनराल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत अधिकारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *