डीएम-एसएसपी ने कांवड़ मेला तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण, 25 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

हरिद्वार,

कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेला क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण हरिद्वार से शुरू होकर धनोरी, पिरान कलियर होते हुए रुड़की तक किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे कांवड़ मार्ग पर सड़क, बैरिकेडिंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर कार्य अधूरे हैं, उन्हें हर हाल में 25 जुलाई तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने बताया कि हरिद्वार से रुड़की तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया गया है। जिन स्थानों पर आवश्यकता महसूस की गई है, वहां यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन की व्यवस्था भी की जा रही है।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिली हैं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए कांवड़ पटरी के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उपयोग करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

एसएसपी ने कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने तथा निर्धारित यातायात नियमों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *