ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत दून पुलिस का सत्यापन अभियान जारी, 52 मकान मालिकों पर ₹5.20 लाख का जुर्माना

देहरादून ,

 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाहरी राज्यों और जनपदों से आकर रह रहे किराएदारों, फड़-फेरी एवं ठेली संचालकों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को पटेलनगर, विकासनगर, रानीपोखरी और सेलाकुई क्षेत्रों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों ने क्षेत्र में निवासरत 1,000 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले 52 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए गए और उन पर कुल 5 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 28 व्यक्तियों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाने लाया गया। नाम-पता सत्यापन के बाद उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालान करते हुए 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

देहरादून पुलिस ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड अपडेट रखने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पूरे जिले में सत्यापन और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *