सेवा सप्ताह के तहत सहसपुर और सहिया में लगे वृहद स्वास्थ्य शिविर, 839 लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून ,

उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार सेवा, सुशासन एवं समर्पण के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा सप्ताह’ के तहत शनिवार को विकासखंड सहसपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 839 लोगों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

सहसपुर शिविर का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

विकासखंड सहसपुर में आयोजित बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री, सांसद नरेश बंसल और विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। अतिथियों ने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह एवं उनकी टीम के कार्यों की प्रशंसा की।

शिविर में 628 लोगों (227 पुरुष एवं 401 महिलाएं) का पंजीकरण हुआ। इस दौरान 201 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 130 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 138 लोगों की टीबी जांच, 41 लाभार्थियों की आरकेएसके स्क्रीनिंग, 17 पैथोलॉजी जांच, 27 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। साथ ही 5 आयुष्मान कार्ड और 21 आभा कार्ड भी जारी किए गए।

सहिया शिविर में 211 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण चौहान, ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष संजय शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

शिविर में 211 लोगों ने पंजीकरण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न विभागों में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। फिजिशियन ने 56, बाल रोग विशेषज्ञ ने 31, नेत्र रोग विशेषज्ञ ने 36, ईएनटी विशेषज्ञ ने 26, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 26, हड्डी रोग विशेषज्ञ ने 18 तथा सर्जन ने 11 मरीजों का परीक्षण किया। इसके अलावा 112 लोगों की रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, 35 किशोरियों को स्वास्थ्य परामर्श, 22 रक्त जांच, 8 अल्ट्रासाउंड और 26 एक्स-रे किए गए।

शिविर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। स्थानीय लोगों ने एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *