देहरादून ,
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखण्ड के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रभावी नेतृत्व और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘Best Drug Controller of India’ राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से न केवल विभाग बल्कि पूरे उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ा है।
ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाने, खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रह तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
औषधि प्रशासन के क्षेत्र में भी विभाग दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, अवैध एवं नकली दवाओं के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मेडिकल स्टोरों और दवा निर्माण इकाइयों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दे रहा है।
ताजबर सिंह जग्गी की कार्यशैली में सख्ती, बेहतर समन्वय और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली की झलक देखने को मिली है। उनके नेतृत्व में विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाइयों के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराई जा सकें।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला ‘Best Drug Controller of India’ सम्मान उत्तराखण्ड FDA की निरंतर मेहनत, प्रभावी कार्यप्रणाली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है। ताजबर सिंह जग्गी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।