देहरादून ,
आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम में शनिवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर दोनों अतिथियों का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को उनके सफल पांच वर्ष के कार्यकाल पर बधाई दी।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के विभिन्न विभागों ने एकीकृत रूप से सेवाएं प्रदान कीं। “इंटीग्रेटेड एफर्ट” के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ भी प्रदान किया गया। कुल मिलाकर 3,500 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1,009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इनमें 212 हड्डी रोगियों, 70 स्त्री रोगियों तथा 81 नेत्र, नाक और कान संबंधी रोगियों का परीक्षण किया गया। 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे, 70 रक्त जांचें तथा आयुष विभाग द्वारा 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अलावा 23 दिव्यांग प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।
समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग श्रेणी के 75 लोगों की पेंशन स्वीकृत की, जबकि 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने लगभग 1,200 लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। चयनित युवाओं को लगभग ₹1 लाख प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है। वहीं मत्स्य, उद्यान, उद्योग और डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।