देहरादून में 1 और 2 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट मोड पर
देहरादून ,
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में 1 और 2 जुलाई, 2026 को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC), देहरादून की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी देहरादून ने मौसम की स्थिति को देखते हुए जनपदवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें। बारिश के दौरान ऐसे स्थानों पर जाने से बचें, जहां अचानक जलभराव या भूस्खलन का खतरा हो सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आपदा या किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।