देहरादून में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 2.34 लाख बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य

बूथ दिवस पर 1.06 लाख से अधिक बच्चों को दी गई पोलियो की खुराक, घर-घर जाकर भी चलेगा अभियान

देहरादून,

राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद देहरादून में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय (महात्मा गांधी शताब्दी चिकित्सालय) में किया गया। इस अवसर पर जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

अभियान का शुभारंभ मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संदीप तिवारी ने बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की खुराक पिलाकर किया।

इस अवसर पर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण शिखा जंगपांगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएचएम डॉ. निधि रावत, वरिष्ठ सर्जन डॉ. आरके टम्टा, राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान और विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. विकास शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

1505 बूथों पर दी जाएगी पोलियो की खुराक

जनपद देहरादून में पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,34,600 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके लिए जनपद में 1505 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 1498 स्वास्थ्य टीमों का गठन किया गया है, जो बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

बूथ दिवस पर 45.52 प्रतिशत बच्चों का हुआ टीकाकरण

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस (28 जून 2026) को जनपद देहरादून में 1,06,967 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 45.52 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (03 मार्च 2024) के बूथ दिवस पर 38.09 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई थी। वर्तमान अभियान के बूथ दिवस में इसके मुकाबले 7.43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

घर-घर जाकर बच्चों को दी जाएगी खुराक

स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के आगामी चरण में घर-घर जाकर 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और उत्तराखंड को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *