युवा हैकाथॉन उत्तराखण्ड-2026 में श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज ने हासिल किया प्रथम स्थान

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विजेता छात्रों को दी बधाई, पी.जी. पाठ्यक्रमों में 50 प्रतिशत फीस छूट से छात्रों में उत्साह

देहरादून ,

 श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज के छात्रों ने प्रतिष्ठित ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखण्ड-2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। इस शानदार उपलब्धि पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विजेता छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की प्रतिभा, मेहनत और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे बेहतर शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। कॉलेज के विद्यार्थी खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान प्रतियोगिताओं, एन.सी.सी., एन.एस.एस. और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रमों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुँवर छात्र हितों को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके प्रयासों से कॉलेज में नए पुस्तकालय, कैंटीन, प्रिंसिपल कार्यालय, लेखा विभाग और छात्रसंघ कार्यालय के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही खेल मैदान के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुँवर के आग्रह पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने पी.जी. कॉलेज के उन छात्र-छात्राओं के लिए, जो स्नातक के बाद स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना चाहते हैं, 50 प्रतिशत फीस छूट/स्कॉलरशिप देने का निर्णय लिया है।

विश्वविद्यालय के इस छात्र हितैषी निर्णय से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। छात्रों ने इस पहल के लिए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उनके सपनों को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *