देहरादून, ,
देहरादून पुलिस के मीडिया सेल ने सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों का खंडन करते हुए उन्हें पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है।
पुलिस द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि सहसपुर/विकासनगर क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद नहीं की गई है और इस संबंध में फैल रही खबरें असत्य हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट समाचार, वीडियो या फोटो पर विश्वास न करें तथा सत्यापन किए बिना उन्हें साझा करने से बचें। सत्यापित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही, देहरादून पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों की लगातार निगरानी की जा रही है। झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, तथ्यों की पुष्टि करने और अफवाहों से दूर रहने का आग्रह किया है।