मलबे में दबी महिला के लिए देवदूत बनी दून पुलिस, त्वरित रेस्क्यू से बचाई जान

देहरादून ,

थाना राजपुर क्षेत्र के ओल्ड राजपुर में एक भवन का पुश्ता (रिटेनिंग वॉल) गिरने से मलबे में दब गई महिला को दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि ओल्ड राजपुर में एक भवन का पुश्ता गिर गया है, जिसकी चपेट में आने से कुछ लोग मलबे में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। साथ ही घटना की जानकारी एसडीआरएफ और फायर सर्विस को भी दी गई।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि एक संकरी गली में स्थित पुश्ता ढह गया था और एक महिला उसके मलबे के नीचे बुरी तरह फंस गई थी। महिला का आधे से अधिक शरीर मलबे में दबा हुआ था, जिससे उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी।

हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने अन्य रेस्क्यू टीमों के पहुंचने का इंतजार नहीं किया और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया। फावड़ा, बेलचा और अन्य उपकरणों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। बाद में एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों के पहुंचने पर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।

पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से महिला की जान बच सकी। महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दून पुलिस की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा की घड़ी में पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा के लिए भी हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *