उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, सात जिलों में नए सीएमओ तैनात

देहरादून ,

प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने विभिन्न जनपदों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।

सात जिलों में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त

जारी आदेशों के अनुसार निम्न अधिकारियों को विभिन्न जनपदों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है—

  • अल्मोड़ा – डॉ. योगेश पुरोहित
  • नैनीताल – डॉ. रश्मि पंत
  • पिथौरागढ़ – डॉ. हरीश चन्द्र पंत
  • पौड़ी गढ़वाल – डॉ. मेघना असवाल
  • रुद्रप्रयाग – डॉ. अमित कुमार शुक्ला
  • टिहरी गढ़वाल – डॉ. राम प्रकाश
  • उत्तरकाशी – डॉ. श्याम विजय

स्वास्थ्य सचिव ने उम्मीद जताई है कि इन नियुक्तियों से संबंधित जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड का कार्यालय हर्रावाला शिफ्ट

इस बीच भारतीय चिकित्सा परिषद, उत्तराखंड ने भी अपना कार्यालय नए पते पर स्थानांतरित करने की घोषणा की है।

परिषद की रजिस्ट्रार नर्वदा गुसांई द्वारा जारी सूचना के अनुसार, परिषद का कार्यालय मोथरोवाला रोड, अजबपुरकलां स्थित वर्तमान परिसर से स्थानांतरित होकर अब उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर, रेलवे रोड, हर्रावाला, देहरादून में संचालित किया जाएगा।

1 जून से नए पते पर होगा समस्त कार्य

परिषद ने स्पष्ट किया है कि 1 जून 2026 से सभी प्रशासनिक कार्य, अभिलेखीय कार्य और पत्राचार नए कार्यालय पते से ही संचालित किए जाएंगे।

साथ ही चिकित्सकों, चिकित्सा संस्थानों और आमजन से अपील की गई है कि परिषद से संबंधित किसी भी कार्य, आवेदन या पत्राचार के लिए अब हर्रावाला स्थित नए कार्यालय पते का ही उपयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल और कार्यालय स्थानांतरण को प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *