हत्या के प्रयास के मामले में 20 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार, असम भागने की तैयारी में था

देहरादून ,

बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर फरार चल रहे 20 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, एकता विहार, अजबपुर खुर्द निवासी कीर्ति मौर्य ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मई 2026 की रात हिमांशु डंगवाल और उसके साथियों ने उनके पिता सुशील मौर्य पर लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए थे।

घटना में गंभीर रूप से घायल सुशील मौर्य को तत्काल उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार आईसीयू में चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की थी। लगातार दबिश देने के बावजूद मुख्य आरोपी हिमांशु डंगवाल गिरफ्तारी से बचता रहा, जिसके चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस टीम ने मंगलवार रात आईएसबीटी क्षेत्र से फरार चल रहे ईनामी आरोपी हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के बाद से वह पुलिस से बचने के लिए लगातार छिपता फिर रहा था और आईएसबीटी से अपने ससुराल असम भागने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

  • नाम: हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू
  • पिता का नाम: स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद
  • निवासी: निकट माता मंदिर, अजबपुर कला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून
  • उम्र: 43 वर्ष

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *