देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन सतर्क

देहरादून ,
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून ने आगामी 24 घंटों के लिए जनपद में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन द्वारा सभी विभागों, आपदा प्रबंधन इकाइयों तथा फील्ड स्तर की टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है। साथ ही किसी भी संभावित आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जलभराव एवं भूस्खलन संभावित स्थानों पर सतर्कता बरतने तथा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमों को तैयार रखने को कहा गया है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *