भूमि विवाद, बाढ़ सुरक्षा, आर्थिक सहायता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को सख्त निर्देश
देहरादून ,
डॉ. आशीष चौहान ने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। इसके अलावा ऋण माफी, बाढ़ सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, पैदल पुलिया और रास्तों से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुख रूप से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रानीपोखरी ग्रांट के आठ परिवारों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम डोईवाला को सिंचाई विभाग के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तुनवाला निवासी मंजू बिष्ट ने शिकायत की कि कुछ लोगों ने उनकी निजी भूमि पर कब्जे की नीयत से तारबाड़ तोड़कर बुलडोजर चलाते हुए सीमांकन को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिलाधिकारी ने मामले में एसडीएम सदर को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं विकासनगर तहसील में वर्ष 2008 से लंबित भूमि विवाद के मामले में भी तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए।
चकराता ब्लॉक के ग्राम झिटाड़ में क्षतिग्रस्त पुलिया और कठंग नहर मरम्मत की शिकायत पर जिला विकास अधिकारी को जांच कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
मोहन कश्यप ने ऋण माफी और मकान नीलामी रोकने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड से लिया गया 40 लाख रुपये का ऋण पारिवारिक और आर्थिक संकट के कारण नियमित रूप से जमा नहीं हो सका। इस पर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
सपना ने नर्सिंग शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता मांगी, जबकि टीएचडीसी कॉलोनी निवासी अर्ष ने बीएससी नर्सिंग प्रवेश के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी करने की मांग रखी।
जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग प्रेम सिंह की समस्या पर नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रामपुर कलां में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।