मुख्यमंत्री धामी ने 6.75 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का किया शिलान्यास
देहरादून ,
पुष्कर सिंह धामी ने आज हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया। लगभग ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पत्रकारों की कर्मस्थली, विचार-विमर्श का केंद्र और जन-जन की आवाज को प्रभावी रूप से सामने लाने का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को अनेक कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।
मीडिया सेंटर में कैंटीन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मुनस्यारी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकार कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर ₹5 करोड़ कर दी गई है। आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकारों के परिजनों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8000 प्रतिमाह पेंशन भी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जहां भी कमियां हों, वहां निष्पक्ष रूप से सरकार को अवगत कराया जाए, क्योंकि “पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।”
कार्यक्रम में अजय भट्ट, प्रदीप बत्रा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।