राज्य सरकार के कार्मिकों का बढ़ा महंगाई भत्ता

मुख्यमंत्री धामी ने 60 प्रतिशत डीए एवं विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹50 करोड़ की स्वीकृति दी

देहरादून ,

पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार के कार्मिकों एवं पेंशनरों को दिए जाने वाले महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि को मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री द्वारा 01 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ते की वर्तमान दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जनपदों में आवास एवं पार्किंग निर्माण से संबंधित विकास योजनाओं हेतु लगभग ₹50 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद चम्पावत के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-द्वितीय के 06 आवासों एवं चाहरदीवारी निर्माण के लिए ₹3.13 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं नैनीताल जनपद के फायर स्टेशन हल्द्वानी में टाइप-द्वितीय के 64, टाइप-तृतीय के 08 तथा टाइप-चतुर्थ के 04 आवासों के निर्माण हेतु ₹36.64 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इसके अतिरिक्त जनपद चम्पावत के थाना रीठासाहिब में टाइप-द्वितीय के 06 एवं टाइप-तृतीय के 01 आवास निर्माण के लिए ₹3.47 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री द्वारा अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण हेतु ₹5.91 करोड़ तथा जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र थराली अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण हेतु ₹61.57 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।

राज्य सरकार के इस निर्णय से कर्मचारियों एवं पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही विभिन्न जनपदों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *