देहरादून ,
दीपम सेठ की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय देहरादून में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्यव्यापी विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” की प्रगति का आकलन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों, एसटीएफ और जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
1,400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार
अभियान के तहत उत्तराखंड पुलिस ने एक माह में 1,400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 अभियुक्तों पर कार्रवाई की गई, जबकि 130 से अधिक लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट में निरोधात्मक कदम उठाए गए।
अवैध हथियार और आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई
राज्यभर में 66 अवैध हथियार बरामद किए गए। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में असलाह और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया, जिनके तार आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े पाए गए।
वहीं एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप को अवैध पिस्टल और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तानी आतंकी संगठन “अल बरक ब्रिगेड” के संपर्क में बताया गया।
बांग्लादेशी घुसपैठियों पर शिकंजा
फर्जी दस्तावेजों के सहारे राज्य में रह रहे 3 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि सत्यापन अभियान को और तेज किया जाएगा।
40 हजार से अधिक लोगों का सत्यापन
किराये के मकानों, पीजी, होम-स्टे, होटल, धर्मशालाओं और आश्रमों में चलाए गए विशेष सत्यापन अभियान के दौरान 40,000 से अधिक व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, फर्जी नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए 15,000 से अधिक वाहनों के चालान किए गए। 900 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 2,000 से अधिक वाहन सीज किए गए।
होटल, बार और पबों की जांच
राज्यभर में 18,000 से अधिक बार, पब, क्लब, स्पा, होटल और ढाबों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,200 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चारधाम यात्रा में साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी रोकने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक किए और 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए। यात्रा रजिस्ट्रेशन, हेलीकॉप्टर टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
बैठक में वी. मुरुगेशन, ए.पी. अंशुमान, विम्मी सचदेवा, रिधिम अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि “उत्तराखंड पुलिस राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए सतर्क, सक्रिय और प्रतिबद्ध है। ऑपरेशन प्रहार आगे भी और अधिक प्रभावी तथा सख्ती के साथ जारी रहेगा।”