हल्द्वानी ,
नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए गए हैं। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2026 को हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने तहरीर देकर बताया कि वह 1 मई को अपने घर से कोटाबाग गए हुए थे। इसी दौरान उनके बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, दूसरी घटना में पूरनपुर कृष्णापुर मुखानी निवासी लक्ष्मण सिंह ने घर का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली हल्द्वानी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने सुरागरसी और तलाश के बाद बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों — प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु — को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नैनीताल घूमने आए थे और वापसी में हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र में होटल में रुके थे। रात के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप पुत्र परवीन (20 वर्ष), गुरविंदर पुत्र देवीचंद (20 वर्ष) और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु पुत्र संतोषनाथ (21 वर्ष) निवासी ग्राम घोसीपुरा, सपेरा बस्ती, थाना पथरी, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण, पायल, मंगलसूत्र, अंगूठियां, हार, चोकर, कमरबंद, बिछुवे तथा अन्य कीमती सामान बरामद किया है। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पूर्व में भी रायपुर और डोईवाला थानों में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।