देहरादून ,
Narendra Modi के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में Deepam Seth ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम से पूर्व पुलिस, प्रशासन एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से “मिनट-टू-मिनट” रिहर्सल की गई, जिसमें प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के सभी पहलुओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य और त्रुटिरहित होनी चाहिए। इसके लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पूर्व ब्रीफिंग देने, उच्च स्तर का टर्नआउट बनाए रखने और पूर्ण सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वीवीआईपी रूट की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से पहले पूरे रूट का भौतिक निरीक्षण करने तथा मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा न होने सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए निर्धारित स्थानों पर हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) के माध्यम से सघन जांच की जाएगी। बिना जांच किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही किसी भी अनधिकृत वस्तु को भीतर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का पूर्व सत्यापन अनिवार्य किया गया है। बिना सत्यापन किसी को भी भागीदारी की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग, ऊंची इमारतों, जल टंकियों व अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते (BDS) एवं डॉग स्क्वाड द्वारा जांच कराई जा रही है।
डीजीपी ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
बैठक में Abhinav Kumar, V. Murugesan, Rajeev Swaroop सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।