प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां पूरी, जिला प्रशासन अलर्ट मोड में

देहरादून,

Narendra Modi के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

जिलाधिकारी Savvin Bansal ने जोनल मजिस्ट्रेट्स के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने अधीन सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति भली-भांति अवगत कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। साथ ही सभी अधिकारियों को एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए अनिवार्य रूप से सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डायस प्लान, एप्रोच रोड, साउंड सिस्टम, एलईडी एवं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही ग्रीन रूम में इंटरनेट, फेस लाइन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।

पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता एवं एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *