देहरादून/रुद्रपुर ,
उत्तराखण्ड एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसटीएफ ने पार्षद प्रकाश सिंह धामी हत्याकांड के ₹25 हजार के इनामी आरोपी और शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को रुद्रपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर-13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अनुसार सुबह करीब 9 बजे एक आई-10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाकर बातचीत में उलझा लिया, तभी कार में सवार अन्य बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। घायल होने के बाद उन्होंने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। इनमें से 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से फरार चल रहा था।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि यह मामला उत्तराखण्ड के चर्चित जघन्य अपराधों में से एक था और आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से मिली जानकारी और भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया।
पिछले करीब एक महीने से एसटीएफ टीम आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक पेशेवर शूटर है, जिसे सुपारी देकर हत्या की साजिश में शामिल किया गया था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जघन्य अपराधों में वांछित और फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगातार सक्रिय है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।