देहरादून ,
देहरादून शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में निर्मित आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग का लोकार्पण कर इसे जनमानस को समर्पित किया।
करीब 472.23 लाख रुपये की लागत से बनी इस पार्किंग की क्षमता 111 वाहनों की है। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करना और लोगों को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है।
शहर में तीन स्थानों पर ऑटोमेटेड पार्किंग
जिला प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से शहर में कुल तीन प्रमुख ऑटोमेटेड पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं—
- परेड ग्राउंड (111 वाहन क्षमता)
- तिब्बती मार्केट (132 वाहन क्षमता)
- कोरोनेशन क्षेत्र (18 वाहन क्षमता)
यह पहल जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए की गई है।
“फ्री सखी कैब सेवा” की शुरुआत
पार्किंग को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए प्रशासन ने “फ्री सखी कैब सेवा” शुरू की है। इसके तहत ईवी वाहनों (टाटा पंच) के माध्यम से पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले लोगों को नजदीकी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक मुफ्त आवागमन की सुविधा दी जा रही है।
जल्द शुरू होगी ईवी मिनी बस सेवा
शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए जल्द ही ईवी मिनी बस शटल सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे पार्किंग स्थलों से प्रमुख स्थानों तक पहुंच आसान होगी और निजी वाहनों का उपयोग कम होगा।
जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल शहर को जाम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट को बढ़ावा देने वाला भी है।
