प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर दी बधाई
नरेन्द्र मोदी ने पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य ने विकास और सुशासन की दिशा में नई पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, मुख्यमंत्री धामी के ऊर्जावान नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और समृद्ध परंपराओं की प्रतीक रही है। यहां की विविध भाषाएं, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के माध्यम से रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में हो रहे कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन पहलों से पर्यटन को गति मिली है, साथ ही पलायन रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी मदद मिली है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को बढ़ावा और डिजिटल व हरित विकास जैसे प्रयासों को सराहनीय बताया। साथ ही आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और सुदृढ़ उत्तराखंड के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
अंत में प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
