देहरादून ,
देहरादून में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 01 महिला सहित 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 20.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
दिनांक 22-03-2026 की रात विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कसाई मोहल्ला, कुंजा ग्रांट क्षेत्र से अभियुक्ता रुखसाना (पत्नी स्व. मोहम्मद सलीम) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14.58 ग्राम स्मैक (लगभग 4.5 लाख रुपये मूल्य) और 5150 रुपये नकद बरामद किए गए। अभियुक्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह मजदूरी करती है, लेकिन अधिक पैसे के लालच में स्मैक खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने का काम करने लगी थी। वह पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है।
वहीं सहसपुर पुलिस ने होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास से अभियुक्त राकिब पुत्र उमरद्दीन (निवासी रेडापुर ढाकी, सहसपुर, उम्र 32 वर्ष) को 6.31 ग्राम अवैध स्मैक (लगभग 2 लाख रुपये मूल्य) के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुका है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
